Showing posts with label त्रिलोक सिंह ठकुरेला. Show all posts
Showing posts with label त्रिलोक सिंह ठकुरेला. Show all posts

Saturday 24 December 2016

त्रिलोक सिंह ठकुरेला की कुण्डलियाँ

(१)
रत्नाकर सबके लिये, होता एक समान।
बुद्धिमान मोती चुने, सीप चुने नादान।।
सीप चुने नादान, अज्ञ मूँगे पर मरता।
जिसकी जैसी चाह, इकट्ठा वैसा करता।
ठकुरेलाकविराय, सभी खुश इच्छित पाकर।
हैं मनुष्य के भेद, एक सा है रत्नाकर।।

(२)
धीरे धीरे समय ही, भर देता है घाव।
मंजिल पर जा पहुँचती, डगमग होती नाव।।
डगमग होती नाव, अन्ततः मिले किनारा।
मन की मिटती पीर, टूटती तम की कारा।
ठकुरेलाकविराय, खुशी के बजें मजीरे।
धीरज रखिये मीत, मिले सब धीरे-धीरे।।

(३)
बोता खुद ही आदमी, सुख या दुख के बीज।
मान और अपमान का, लटकाता ताबीज।।
लटकाता ताबीज, बहुत कुछ अपने कर में।
स्वर्ग नर्क निर्माण, स्वयं कर लेता घर में।
ठकुरेलाकविराय, न सब कुछ यूँ ही होता।
बोता स्वयं बबूल, आम भी खुद ही बोता।।

(४)
तिनका तिनका जोड़कर, बन जाता है नीड़।
अगर मिले नेतृत्व तो, ताकत बनती भीड़।।
ताकत बनती भीड़, नए इतिहास रचाती।
जग को दिया प्रकाश, मिले जब दीपक, बाती।
ठकुरेलाकविराय, ध्येय सुन्दर हो जिनका।
रचते श्रेष्ठ विधान, मिले सोना या तिनका।।

(५)
ताकत ही सब कुछ नहीं, समय समय की बात।
हाथी को मिलती रही, चींटी से भी मात।।
चींटी से भी मात, धुरंधर धूल चाटते।
कभी-कभी कुछ तुच्छ, बड़ों के कान काटते।
ठकुरेलाकविराय, हुआ इतना ही अवगत।
समय बड़ा बलवान, नहीं धन, पद या ताकत।।

(६)
थोथी बातों से कभी, जीते गए न युद्ध।
कथनी पर कम ध्यान दे, करनी करते बुद्ध।।
करनी करते बुद्ध, नया इतिहास रचाते।
करते नित नव खोज, अमर जग में हो जाते।
ठकुरेलाकविराय, सिखातीं सारी पोथी।
ज्यों ऊसर में बीज, वृथा हैं बातें थोथी।।

 (७)
सारा जग अपना बने, यदि हो मृदु व्यवहार।
एकाकीपन झेलता, जिस पर दम्भ सवार।।
जिस पर दम्भ सवार, कठिन जीवन हो जाता।
रहता नहीं सुदीर्घ, कभी अपनों से नाता।
ठकुरेलाकविराय, अन्ततः दम्भी हारा।
करो मधुर व्यवहार, बने अपना जग सारा।।

 (८)
जुड़ जाते हैं जिस घड़ी, दिल के दिल से तार।
मन में खुशियाँ फूटतीं, भाता यह संसार।।
भाता यह संसार, उषा, खगकुल का कलरव।
नदिया, पेड़, पहाड़, चाँद, तारे सब के सब।
ठकुरेलाकविराय, जगत के सब रस भाते।
लगता जगत कुटुम्ब, जब कभी मन जुड़ जाते।।

 (९)
जलता दीपक जिस समय, तम हो जाता दूर।
प्रबल चाह, भरपूर श्रम, मिलती जीत जरूर।।
मिलती जीत जरूर, मंजिलें चलकर आतीं।
मिट जाते सब विध्न, सुगम राहें हो जातीं।
ठकुरेलाकविराय, सहज ही सिक्का चलता।
कर्मवीर के द्वार, दीप खुशियों का जलता।।

 (१०)
जीवन से गायब हुआ, अब निच्छल अनुराग।
झाड़ी उगीं विषाद की, सूखे सुख के बाग।।
सूखे सुख के बाग, सरसता सारी खोई।
कंटक उगे तमाम, फसल यह कैसी बोई।
ठकुरेलाकविराय, तोलते सब कुछ धन से।
यह कैसा खिलवाड़, कर रहे हम जीवन से।।

 (११)
भूले अपनापन सभी, कैसी चली बयार।
दीवारें सहमी खड़ीं, बिखर रहे परिवार।।
बिखर रहे परिवार, स्वार्थ ने रंग जमाया।
रिश्ते हुए तबाह, सभी को धन ही भाया।
ठकुरेलाकविराय, लोग निज मद में फूले।
भाया भौतिकवाद, संस्कृति अपनी भूले।।

 (१२)
रीता घट भरता नहीं, यदि उसमें हो छेद।
जड़मति रहता जड़ सदा, नित्य पढ़ाओ वेद।।
नित्य पढ़ाओ वेद, बुद्धि रहती है कोरी।
उबटन करके भैंस, नहीं हो सकती गोरी।
ठकुरेलाकविराय, व्यर्थ ही जीवन बीता।
जिसमें नहीं विवके, रहा वह हर क्षण रीता।।

 (१३)
हिन्दी भाषा अति सरल, फिर भी अधिक समर्थ।
मन मोहे शब्दावली, भाव-भंगिमा, अर्थ।।
भाव-भंगिमा अर्थ, सरल है लिखना-पढ़ना।
अलंकार, रस, छंद और शब्दों का गढ़ना।
ठकुरेलाकविराय, सुशोभित जैसी बिन्दी।
हर प्रकार सम्पन्न, हमारी भाषा हिन्दी।।

 (१४)
अभिलाषा मन में यही, हिन्दी हो सिरमौर।
पहले सब हिन्दी पढ़ें, फिर भाषाएँ और।।
फिर भाषाएँ और, बजे हिन्दी का डंका।
रूस, चीन, जापान, कनाडा हो या लंका।
ठकुरेलाकविराय, लिखें नित नव परिभाषा।
हिन्दी हो सिरमौर, यही अपनी अभिलाषा।।

त्रिलोक सिंह ठकुरेला - परिचय

त्रिलोक  सिंह ठकुरेला 
जन्म-तिथि --   01 -10 -1966
जन्म-स्थान --  नगला मिश्रिया (हाथरस)
पिता --  श्री खमानी सिंह 
माता -  श्रीमती देवी 
प्रकाशित कृतियाँ -- नया सवेरा (बाल-साहित्य)
                             काव्यगंधा (कुण्डलिया संग्रह)
सम्पादन  --  आधुनिक हिंदी लघुकथाएं 
                      कुण्डलिया छंद  के  सात  हस्ताक्षर 
                      कुण्डलिया  कानन 
सम्मान/पुरस्कार -- राजस्थान साहित्य अकादमी द्वारा 'शंभू दयाल सक्सेना बाल साहित्य पुरस्कार'
पंजाब कला, साहित्य अकादमी, जालंधर (पंजाब) द्वारा 'विशेष अकादमी सम्मान
विक्रमशिला हिन्दी विद्यापीठ गांधीनगर (बिहार) द्वारा 'विद्या-वाचस्पति'
हिंदी साहित्य सम्मलेन, प्रयाग द्वारा 'वाग्विदाम्वर सम्मान
 राष्ट्रभाषा स्वाभिमान ट्रस्ट (भारत) गाज़ियाबाद (उ प्र) द्वारा 'बाल साहित्य भूषण ' 
निराला साहित्य एवं संस्कृति संस्थान, बस्ती (उ प्र) द्वारा 'राष्ट्रीय साहित्य गौरव सम्मान '
हिन्दी भाषा साहित्य परिषद्, खगड़िया (बिहार) द्वारा 'स्वर्ण सम्मान
विशिष्टता  -- कुण्डलिया छंद के उन्नयन, विकास और पुनर्स्थापना हेतु  कृतसंकल्प एवं समर्पित 

सम्प्रति  -- उत्तर - पश्चिम रेलवे में इंजीनियर 
संपर्क  -- बँगला संख्या - 99,  रेलवे चिकित्सालय के सामने, आबू रोड- 307026  ( राजस्थान)
चल-वार्ता -- 09460714267 / 07891857409 

ई-मेल  --  trilokthakurela@gmail.com

Friday 12 December 2014

हाइकु गीत

रक्त रंजित
हो रहे फिर फिर
हमारे गाँव।

हर तरफ
विद्वेष की लपटें
हवा है गर्म,

चल रहा है
हाथ में तलवार
लेकर धर्म,

बढ़ रहें हैं
अनवरत आगे
घृणा के पाँव।

भय जगाती
अपरचित ध्वनि
रोकती पथ,

डगमगाता
सहज जीवन का
सुखद रथ,

नहीं मिलती
दग्ध मन को कहीं
शीतल छाँव।
--- त्रिलोक सिंह ठकुरेला 

केदार के मुहल्ले में स्थित केदारसभगार में केदार सम्मान

हमारी पीढ़ी में सबसे अधिक लम्बी कविताएँ सुधीर सक्सेना ने लिखीं - स्वप्निल श्रीवास्तव  सुधीर सक्सेना का गद्य-पद्य उनके अनुभव की व्यापकता को व्...